लखनऊ: अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम टीम और पुलिस बल पर हमला, दरोगा पर जंजीर से हमला; 4 गिरफ्तार

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम टीम और पुलिस बल पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार सरकारी कर्मचारियों से मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया गया

DCP वेस्ट कमलेश दीक्षित के मुताबिक, पुलिस और नगर निगम की टीम पारा इलाके में सड़क पर अवैध रूप से बांधी गई 200 से अधिक भैंसों को पकड़ने गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के बादल खेड़ा-बुद्धेश्वर इलाके में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. नगर निगम कर्मचारियों के साथ मौजूद पुलिस टीम को भी निशाना बनाया गया. एफआईआर के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों से मारपीट की, सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया और पुलिस टीम को घेरकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया. हमले के दौरान एक उपनिरीक्षक का पीछे से गला दबाने का आरोप है. वहीं, एक महिला ने लोहे की भारी जंजीर से दरोगा के सिर पर वार कर दिया घटना में इस्तेमाल लोहे की जंजीर भी बरामद की गई है.

पुलिस ने मौके से 200 से अधिक भैंसों को जब्त किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी टीम

एफआईआर के अनुसार, नगर निगम की टीम सार्वजनिक नालियों और सड़कों पर गोबर डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी. टीम सरकारी दायित्वों का निर्वहन करते हुए बादल खेड़ा-बुद्धेश्वर इलाके में पहुंची थी. पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू होते ही करीब 20-25 लोग एकजुट होकर विरोध करने लगे. आरोप है कि भीड़ में शामिल लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य हथियार लेकर नगर निगम और पुलिस टीम पर टूट पड़े. हमलावरों ने सरकारी वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की.

दो महिलाएं गिरफ्तार, जंजीर बरामद

पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया. एफआईआर में उनकी पहचान खुशबुन और आफरीन के रूप में दर्ज है. पुलिस के अनुसार, खुशबुन के पास से घटना में इस्तेमाल लोहे की जंजीर बरामद हुई. जांच में पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी विवेचना में शामिल किया है.

14 नामजद, 10-12 अज्ञात लोगों पर भी केस

इस मामले में 14 लोगों को नामजद किया गया है. इनमें अबरार उर्फ भूरे, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आसिफ, नसीम उर्फ जालीमुल्ला, रानू, जीशान और नफीस समेत अन्य आरोपी शामिल हैं. इसके अलावा करीब 10-12 अज्ञात पुरुषों को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है.

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. एफआईआर में बीएनएस, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और सीएलए एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं. मामले की जांच उपनिरीक्षक गौरव सिंह को सौंपी गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

Check Also

मछली खाने वाले बयान पर कोर्ट पहुंचे अजय राय, सीएम योगी के खिलाफ दाखिल किया मानहानि का परिवाद

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *