““हम गमले लगाते हैं और लोग कार से आकर उन्हें ले जाते हैं। ढाई करोड़ की कार से 45 रुपये का गमला चोरी करने का नया मॉडल दिखा है।
मन में आया था कि आरोपियों की तस्वीर चौराहे पर लगाई जाए। सीएम ने कहा, “ये पैसा हमारा नहीं, जनता जनार्दन का पैसा है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ नगर निगम के एक का कार्यक्रम में उन लोगों को निशाना बनाया जो बहुत थोड़े से लालच में शहर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ शहर की खूबसूरती भी मिटाते हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ नगर निगम के एक समारोह में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहु्ंचाने वालों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ढाई करोड़ की कार में चलने वाले नगर निगम का 45 रुपये का गमला चुराकर ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी कैमरे से इस तरह की चोरी की घटना देखी।
स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को लखनऊ नगर निगम की 413 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित समारोह में उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिकों की जवाबदेही पर जोर दिया।
सीसीटीवी कैमरे में दिखी गमले की चोरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘यह चोरी का एक नया मॉडल हो गया। मैं देख रहा था बहुत मंहगी कार.. सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं अब तो हर जगह। हम देखते रहते हैं उससे। पता लगा कि ढाई करोड़ की कार से 45 रुपये के गमले को चोरी कर रहे हैं। पता नहीं कितना प्रयास उन्होंने किया, 45 रुपये में एक नया गमला लेकर अपने घर में लगा सकते थे। सम्मान भी रहता और शहर भी अच्छा दिखता। एक बार तो मेरे मन में आया था कि उसकी फोटो मैं चौराहे पर लगाऊं।’
जनता का पैसा, जनता के लिए
सीएम योगी ने कहा कि, ‘पैसा जो हम खर्च करते हैं, ये पैसा न मैं दे रहा हूं, न वित्त मंत्री जी अपने पास से दे रहे हैं। यह जनता जनार्दन का पैसा है और हम उसका उचित नियोजन कर रहे हैं। जनता का पैसा, जनता के लिए और जनता के हित में खर्च होगा। यही मोदी जी का विजन है, यही मोदी जी की प्रेरणा है। इसी का परिणाम है कि अब विकास दिखाई देता है।’
Rising UttarPradesh