काशी में गंगा का रौद्र रूप! PM मोदी ने मेयर-DM से फोन पर लिया जायजा, राहत शिविरों की व्यवस्थाओं पर की चर्चा

वाराणसी में गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान पार कर गया है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर मेयर और जिलाधिकारी से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. PM मोदी ने राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए लोगों को कम से कम परेशानी होने के निर्देश दिए. गंगा का जलस्तर 70.29 मीटर पहुंच गया है. वरुणा से 328 परिवार प्रभावित हैं, जबकि 935 लोग 13 राहत शिविरों में हैं.

बाढ़ के बीच PM मोदी ने ली ग्राउंड रिपोर्ट

वाराणसी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से बाढ़ की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी ली। बातचीत के दौरान गंगा के जलस्तर, प्रभावित क्षेत्रों और प्रशासन की तैयारियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को बताया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

राहत शिविरों में सुविधाओं पर खास जोर

प्रधानमंत्री ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने भोजन, पीने के पानी और दूसरी जरूरी चीजों की उपलब्धता के बारे में पूछा। पीएम मोदी ने साफ कहा कि जिन इलाकों में अतिरिक्त राहत सामग्री की जरूरत है, वहां बिना देरी किए सामान पहुंचाया जाए। प्रभावित परिवारों को जरूरी मदद समय पर मिलनी चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में राहत सामग्री की अतिरिक्त आवश्यकता हो, वहां तत्काल उसकी व्यवस्था की जाए। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता तेजी से पहुंचाई जाए। प्रधानमंत्री ने बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों पर लगातार सतर्क नजर बनाए रखने को कहा। साथ ही प्रभावित लोगों को अविलंब राहत पहुंचाने और प्रशासनिक स्तर पर किसी भी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, वाराणसी में गंगा का चेतावनी स्तर 70.26 मीटर है। नदी 70.28 मीटर पर बह रही। खतरे का निशान 71.26 मीटर पर है। जलस्तर करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। उधर अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

सुरक्षा उपाय और बारिश का पूर्वानुमान
एहतियात के तौर पर गंगा की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। अस्सी घाट से केशव घाट तक नाव संचालन प्रतिबंधित कर दिया गया है। नदी में आवाजाही पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

बाढ़ के बीच मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है। शनिवार तक यहां तेज बारिश का अनुमान है। अगले तीन दिनों में पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, विदर्भ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में वाराणसी और आसपास के इलाकों में प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

Check Also

नमूने फेल, बटोही रिसॉर्ट पर 1 लाख जुर्माना, FSDA की टीम ने भरा था दही-बेसन का नमूना, जांच में अवमानक मिले

रायबरेली। हरचंदपुर के डिडौली स्थित बटोही रिसॉर्ट के मालिक पर 1 लाख रुपये का अर्थदंड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *