अगर आप दिल्ली में बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल (XP100) भरवा रहे हैं, तो आपको ₹167.35 प्रति लीटर का भारी-भरकम दाम चुकाना होगा।
महंगाई और तेल की कीमतों के मोर्चे पर आज ग्राहकों के लिए दो बड़े अपडेट हैं। कच्चे तेल (Crude Oil) की बढ़ती कीमतों के बीच जहां एक तरफ बिना एथेनॉल (Ethanol-free) वाले पेट्रोल की कीमत ₹167 प्रति लीटर के पार बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर रसोई गैस (LPG) सिलेंडरों के दामों में देश के अलग-अलग शहरों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है।

कच्चे तेल में तेजी के बाद आज रोजाना की तरह भारत की ऑयल मार्केटिंग पेट्रोलियम कंपनियों ने फ्यूल के रेट जारी कर दी हैं। बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल दिल्ली में 167.35 रुपये लीटर है।
जबकि साधारण पेट्रोल 102.12 रुपये और XP 95 109.24 रुपये लीटर। बता दें XP100 में 100-ऑक्टेन रेटिंग होती है और यह पूरी तरह से एथेनॉल-मुक्त है। जबकि आम पेट्रोल और XP95 जैसे प्रीमियम ईंधन में एथेनॉल मिला होता है। XP100 को दिसंबर 2020 में लॉन्च किया गया था और इसे खास तौर पर हाई परफॉरमेंस वाहनों के लिए बनाया गया है जैसे सुपरकार, लग्जरी सेडान और शानदार बाइक्स।
बता दें सरकार के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम के तहत E20 ईंधन में 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल होता है। केंद्र सरकार और ऑटोमोबाइल कंपनियां ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की एक रिपोर्ट के हवाले से कहती हैं कि E20 उन गाड़ियों के लिए सुरक्षित है, जो इसके लायक बनी हैं। लेकिन इसके बावजूद, कुछ उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन इसके असर को लेकर आशंका जताई है, खासकर पुरानी गाड़ियों के लिए।
LPG गैस सिलेंडर
आज 10 अगस्त के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश के अलग-अलग शहरों में घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) और कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो) के रेट्स में बड़ा अंतर है। यह अंतर मुख्य रूप से लोकल टैक्स, ट्रांसपोर्टेशन चार्ज और भौगोलिक दूरी के कारण है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गैस सबसे सस्ती है। यहां घरेलू सिलेंडर मात्र ₹941.50 और कमर्शियल ₹2,691.50 का है। देश में सबसे महंगा सिलेंडर लेह (लद्दाख) में है, जहां घरेलू सिलेंडर के लिए ₹1,179 और कमर्शियल के लिए ₹3,376.50 चुकाने पड़ रहे हैं।
दिल्ली की बात करें तो (₹942), गुरुग्राम (₹950.5) और जयपुर (₹947) में कीमतें काफी राहत भरी हैं। शिमला में ₹986.5 और श्रीनगर में ₹1,058 चुकाने पड़ रहे हैं।
Rising UttarPradesh राइजिंग उत्तर प्रदेश