अगर सामने वाला देश और समाज की सुरक्षा के लिए खतरा है तो उसके लिए अहिंसा नहीं चल सकती है, “देश की रक्षा के लिए हिंसा जरूरी, धर्म की रक्षा सबसे जरूरी है..”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नौसेना म्यूजियम और नौसेना वाटिका के उद्घाटन पर कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण से ही निवेश और विकास को बढ़ावा मिलता है. योगी ने बताया कि रक्षा मंत्री के सहयोग और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी की टीम के प्रयासों से यह परियोजना समय पर पूरी हुई.

लखनऊ में स्थापित नौसेना म्यूजियम और नौसेना वाटिका का उद्घाटन समारोह शनिवार को आयोजित किया गया. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण ही विकास और निवेश की सबसे बड़ी आधारशिला होता है. अहिंसा ही इंसान का सच्चा धर्म होना चाहिए. लेकिन अगर सामने वाला देश और समाज के लिए खतरा हो तो उसके लिए अहिंसा नहीं फिर हिंसा ही अपनाना पड़ता है.

2017 से पहले यूपी में था माफिया राज
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी. आए दिन कर्फ्यू जैसी स्थितियां उत्पन्न होती थीं और पेशेवर माफिया व अपराधियों का प्रभाव व्यवस्था पर दिखाई दे था. ऐसे माहौल में आम लोगों का जीवन प्रभावित होता था और निवेश व विकास की संभावनाएं भी कमजोर पड़ जाती थीं.

उन्होंने कहा कि जब किसी राज्य में सुरक्षा और स्थिरता का माहौल होता है, तभी उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के सैनिक सीमाओं पर रहकर पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. उनकी वजह से देश के नागरिक सुरक्षित जीवन जी पाते हैं. इसलिए समाज का भी दायित्व है कि वह अपने सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखे. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को सेना और नौसेना के योगदान से परिचित कराना समय की आवश्यकता है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी सोच के साथ लखनऊ में नौसेना वाटिका और नौसेना म्यूजियम की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया था. उन्होंने इस परियोजना को साकार करने के लिए रक्षा मंत्रालय और भारतीय नौसेना का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री की प्रेरणा और सहयोग से नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी व उनकी पूरी टीम ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर इस परियोजना को पूरा किया.

म्यूजियम बनेगा प्रेरणा का केंद्र
मुख्यमंभी ने कहा कि यह म्यूजियम केवल एक दर्शनीय स्थल नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा. यहां आने वाले छात्र और युवा भारतीय नौसेना के इतिहास, उसके शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान के बारे में विस्तार से जान सकेंगे. इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी और वे सशस्त्र बलों के प्रति अधिक जागरूक बनेंगे.

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी इस पहल की सराहना की. उनका कहना था कि नौसेना म्यूजियम प्रदेश के युवाओं को रक्षा क्षेत्र के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा. उद्घाटन के साथ ही यह म्यूजियम आम लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन गया है.

Check Also

यूपी में बिजली हुई महंगी:फ्यूल सरचार्ज 10 प्रतिशत बढ़ाया गया, बढ़ेगा बिजली बिल

अब उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को भी महंगाई का एक और झटका लगने वाला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *