मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में कहा- तीर्थराज प्रयाग से गुंडाराज और माफियागीरी समाप्त हो गई है। नौ वर्ष पहले माफियाओं का यहां राज चला करता था। आतंक का माहौल बना दिया गया था। व्यापारी सुरक्षित नहीं रहा करते थे। उनकी जमीनों पर कब्जा कर लिया जाता था। अपराधी इतने मनबढ़ हो गए थे कि वह तांडव करते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बेटियों से छेड़छाड़ करने वालों को कड़ी कीमत चुकानी होगी और प्रदेश में सुरक्षा व सुशासन सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रयागराज अब विकास, संस्कृति और आस्था का संगम बन चुका है और महाकुंभ जैसे आयोजनों से शहर की पहचान मजबूत हुई है. मुख्यमंत्री ने नगर निगम की परियोजनाओं, स्मार्ट सिटी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि शहर माफिया मुक्त होकर तेजी से प्रगति कर रहा है.
‘प्रयागराज वासियों के प्रति वैसे ही आभारी हूं’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सुरक्षा देगी और सुशासन के लक्षण को भी पूरा करेगी। समृद्धि के लिए नित्य नए प्रयास करेगी और हर प्रकार से आपके घरों में खुशी का माहौल हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। बोले कि मैं तो प्रयागराज वासियों के प्रति वैसे ही आभारी हूं महाकुंभ में 45 दिनों तक आवागमन बाधित था लेकिन किसी ने कोई विरोध नहीं किया, ऐसा लगा जैसे उनके घर का कार्यक्रम है। विकास तभी होता है जब सार्वजनिक कार्यक्रम को सभी लोग अपना मानते हैं। आज उत्तर प्रदेश विकास के नए पैमाने को स्थापित कर रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे की खूबियां बताईं
सीएम बोले- प्रदेश की जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त होगा, तब हम सफल हो पाएंगे। प्रयागराज में विकास को गति मिल रही है। गंगा एक्सप्रेस वे और सिक्स लेन पुल इसका उदाहरण है। दिल्ली जाने के लिए अगर ट्रेन और प्लेन नहीं मिल रही है तो अपनी गाड़ी से आप गंगा एक्सप्रेस से कुछ घंटों में दिल्ली पहुंच जाएंगे। हाईटेक तरीके से इस एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया गया है। 120 की रफ्तार से जब इस एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलती है तो लगता है गाड़ी खड़ी है।
बोले- औद्योगिक गलियारे रोजगार के आवसर प्रदान करेंगे
औद्योगिक गलियारे बनाए जा रहे हैं जो रोजगार के आवसर प्रदान करेंगे। कहा जल्द ही सिक्स लेन पुल का निर्माण पूरा होगा प्रधानमंत्री इसका लोकार्पण करेंगे। तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम के दौरान 450 करोड़ की योजनाओं को शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें 120 करोड़ रुपये का लोकार्पण और 330 करोड़ रुपये का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान तीन साल बेमिसाल पुस्तिका का विमोचन भी मुख्यमंत्री ने किया।
Rising UttarPradesh