यमुना एक्सप्रेसवे पर काल बनी ‘नींद की झपकी’, बस-ट्रक की भिड़ंत, हादसे में 4 की मौत, 20 यात्री घायल

यमुना एक्सप्रेसेवे पर चलने वाली एक और स्लीपर बस हादसे का शिकार हुई है। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

आगरा से नोएडा की ओर जा रहे यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे दर्दनाक सड़क हादसा (Yamuna Expressway Accident) हो गया। राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 111 के पास एक प्राइवेट बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में करीब 20 से 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। एक यात्री की हालत बेहद नाजुक बताई गई है।

इस घटना की जानकारी देते हुए मथुरा (ग्रामीण) क्षेत्र के एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया, ‘मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन संख्या 112 के पास आगरा से नोएडा की तरह जाने वाले रास्ते पर राया कट से 2 किलोमीटर पहले यह दुर्घटना हुई है। गिट्टी से लदा एक ट्रेलर अपनी थर्ड लेन में जा रहा था और पीछे से आ रही गोला बस सर्विस की एक बस उससे टकरा गई। लखनऊ से आ रही इस बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। ड्राइवर की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ और दो से ढाई मीटर बस ट्रेलर में घुस गई थी।’ उन्होंने आगे बताया, ‘3 बजकर 35 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली तो 8 पीआरवी और 12 एंबुलेंस भेजी गई। तुरंत घटनास्थल से अस्पताल तक के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। 4 लोगों की मौत हो गई है और 19 लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति बहुत सीरियस नहीं है। मौके पर अब ट्रैफिक चल रहा है और गाड़ियों को हटाकर स्थिति को सामान्य किया जा रहा है।’

प्रत्यक्षदर्शियों और घायल यात्रियों के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले बस असंतुलित होकर डगमगाने लगी थी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे आगे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना से लगभग आधा घंटा पहले बस एक्सप्रेसवे किनारे स्थित एक ढाबे पर भी रुकी थी।
इस हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है।

Check Also

यूपी में बंपर सरकारी नौकरी: 13,116 पंचायत सचिवों की होगी सीधी भर्ती, यूपी की हर पंचायत को मिलेंगे सचिव

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *