रायबरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को पूरा शहर आस्था और श्रद्धा में सराबोर हो गया। घरों और मंदिरों में कान्हा के स्वागत के लिए आकर्षक सजावट की गई। रात में घड़ी की दोनों सुइयां 12 पर पहुंचते ही मंदिरों और घरों में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। इसके साथ ही घंटे-घड़ियाल बज उठे और नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। झांकियों ने सबका मोह लिया।

पुलिस लाइन में जन्माष्टमी का पावन पर्व पुलिसकर्मियों के साथ मनाया गया। एएसपी रवि कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। एएसपी ने पूजा अर्चना किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मनमोह लिया। स्टाफ क्लब में भी धूमधाम के साथ जन्माष्टमी मनाई गई।
मंदिरों में कान्हा के स्वागत के लिए आकर्षक सजावट की गई
सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने भी रात होने पर पूजा अर्चना किया। इस दौरान भक्तों में प्रसाद वितरण हुआ। भदोखर थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद, मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने भी थाना परिसर में जन्माष्टमी के मौके पर पूजा अर्चना किया। नगर पालिका के जलकल कार्यालय परिसर में जन्माष्टमी मनाई गई। पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर, ईओ शशि समेत सभासद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
देहात क्षेत्रों में भी मनी जन्माष्टमी
राही ब्लॉक क्षेत्र के सेदपुर गांव स्थित श्रीजन्मेश्वर महादेव मंदिर में जन्माष्टमी मनाई गई। आयोजक अशोक कुमार त्रिवेदी, सुनीता त्रिवेदी, विशाल, नितिन, हिमांशु समेत अन्य लोग मौजूद रहे। लोधी का पुरवा गांव निवासी राकेश कुमार, कल्लू आदि ने मंदिर में नंदोत्सव, व्रजलीला और कृष्ण की अगुवाई में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्ण लीला का मंचन किया गया।
-रवि शंकर सिंह, संवादाता, रायबरेली
Rising UttarPradesh राइजिंग उत्तर प्रदेश