‘सनातन की ओर कथा 2.0’ जनवरी में नंदिनी नगर में फिर गूंजेगी कथा: 2027 चुनाव से पहले बृजभूषण शरण सिंह की CM योगी से भी हुई भेंट

उत्तर प्रदेश की सियासी जमीन इन दिनों धार्मिक रंग में रंगी नजर आ रही है। जैसे-जैसे 2027 के विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं के जनसंपर्क का अंदाज भी बदल रहा है। अब सिर्फ चुनावी रैलियां या भाषण ही काफी नहीं दिखते; बल्कि रामकथा, भागवत कथा और शिवमहापुराण जैसे बड़े धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए भी नेता लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। इसी सिलसिले में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी एक बार फिर बड़े स्तर पर कथा कराने की तैयारी में हैं।

गोंडा के नंदिनी नगर में इस बार ‘सनातन की ओर कथा 2.0’ का आयोजन होने जा रहा है। सात दिन चलने वाला यह धार्मिक कार्यक्रम 2 जनवरी से 8 जनवरी तक प्रस्तावित है। दिलचस्प बात यह है कि नंदिनी नगर में बड़े कथा आयोजन का यह कोई पहला मौका नहीं है। इससे पहले जनवरी 2026 में भी बृजभूषण शरण सिंह ने यहीं राष्ट्रकथा करवाई थी, जो कई दिनों तक चली थी। उस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने के साथ-साथ कई नामी सियासी चेहरे भी नजर आए थे, जिससे यह कार्यक्रम धार्मिक होने के बावजूद राजनीति गलियारों में भी खूब सुर्खियों में रहा था।

इस नए आयोजन की तैयारियों के बीच बृजभूषण शरण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की। 26 नवंबर को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस भेंट के दौरान उन्होंने अपने प्रस्तावित कथा कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। हालांकि, इस मुलाकात की एक भावुक वजह भी थी। बृजभूषण शरण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार में शामिल न हो पाने के कारण वे मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। बाहर निकलकर बृजभूषण ने इस बैठक को शिष्टाचार और पारिवारिक मुलाकात करार दिया।

भले ही इसे पारिवारिक और शिष्टाचार भेंट कहा गया हो, लेकिन 2027 के चुनाव से ठीक पहले हो रही इस हलचल और ‘कथा 2.0’ के आयोजन को यूपी की राजनीति के नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है।

Check Also

खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का महान विचार है: मंत्री राकेश सचान

खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री ने गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में 10 दिवसीय …