मेटा के स्वामित्व वाला व्हाट्सऐप अपने सबसे बड़े प्राइवेसी अपडेट्स में से एक लाने की तैयारी। कंपनी ने यूजर्स को यूनिक यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा देना शुरू कर दिया है। इस नए फीचर के आने के बाद लोग अपना मोबाइल नंबर बताए बिना भी एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे।
यह बदलाव इस साल के अंत तक सभी यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी प्राइवेसी पर ज्यादा नियंत्रण देना है, खासकर तब जब वे किसी नए व्यक्ति से बात करें या किसी ग्रुप में शामिल हों।

एक्स पर दी जानकारी
व्हाट्सऐप के ग्लोबल हेड कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फीचर की जानकारी देते हुए लिखा, “सही समय बहुत मायने रखता है। मैंने समय रहते अपना व्हाट्सऐप यूजरनेम सुरक्षित कर लिया है, इससे पहले कि यह फीचर सभी के लिए जारी हो। अब आपकी बारी है। लोगों से जुड़ने का यह ज्यादा सुरक्षित और निजी तरीका है। जल्द ही व्हाट्सऐप पर आ रहा है।”
क्या बदलेगा?
व्हाट्सऐप के मुताबिक, जल्द ही यूजर्स अपने मोबाइल नंबर की बजाय एक यूनिक यूजरनेम के जरिए खोजे जा सकेंगे और उनसे संपर्क किया जा सकेगा। कंपनी ने बताया कि यूजरनेम रिजर्व करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आने वाले कुछ महीनों में यह फीचर काम करना शुरू कर देगा। हालांकि, अभी इसकी कोई निश्चित लॉन्च तारीख नहीं बताई गई है।
फिलहाल, जिसके पास आपका फोन नंबर होता है, वह आपको व्हाट्सऐप पर मैसेज भेज सकता है। लेकिन नया फीचर आने के बाद यूजर्स यह तय कर सकेंगे कि वे फोन नंबर के बजाय यूजरनेम के जरिए लोगों से जुड़ना चाहते हैं या नहीं। करीब 3 अरब से ज्यादा यूजर्स वाले व्हाट्सऐप का कहना है कि यह अपडेट प्राइवेसी के लिहाज से एक बड़ा कदम होगा।
‘यह प्राइवेसी के लिए बनाया गया फीचर है’
व्हाट्सऐप की वाइस प्रेसिडेंट (प्रोडक्ट) एलिस न्यूटन-रेक्स ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हमने इस फीचर को शुरू से ही प्राइवेसी को ध्यान में रखकर तैयार किया है।” ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि यूजरनेम की मदद से लोग यह तय कर सकेंगे कि उनका फोन नंबर कौन देख सकता है, खासकर जब वे किसी ऐसे व्यक्ति से बात कर रहे हों जिसे वे पहले से नहीं जानते।
उन्होंने कहा, “जब आप किसी नए व्यक्ति से मिलते हैं, चाहे वह आपका क्लासमेट हो, पड़ोसी हो या किसी कार्यक्रम में मिला कोई व्यक्ति, तब अपना फोन नंबर साझा करना कई बार बड़ा कदम लगता है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर यह फीचर लोगों को व्हाट्सऐप पर सुरक्षित महसूस कराए और वे अपना फोन नंबर निजी रखते हुए नए लोगों से आसानी से जुड़ सकें, तो कंपनी इसे सफल मानेगी।
यूजरनेम कैसे काम करेगा?
दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की तरह व्हाट्सऐप कोई सार्वजनिक यूजरनेम सर्च डायरेक्टरी नहीं बनाएगा। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, किसी व्यक्ति से पहली बार संपर्क करने के लिए उसका सटीक यूजरनेम पता होना जरूरी होगा। एलिस न्यूटन-रेक्स ने कहा, “पहली बार किसी से संपर्क करने के लिए लोगों को आपका सही यूजरनेम पता होना चाहिए।”
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यूजरनेम टाइप करते समय कोई सुझाव (सजेशन) नहीं दिखाए जाएंगे। इससे अनचाहे लोगों के संपर्क करने की संभावना कम होगी। यूजरनेम 3 से 35 अक्षरों के बीच का होना चाहिए।
फर्जी अकाउंट और धोखाधड़ी रोकने के लिए सुरक्षा
व्हाट्सऐप ने बताया कि फर्जी पहचान और ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए कई सुरक्षा उपाय किए गए हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे मेटा के दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर पहले से इस्तेमाल हो रहे यूजरनेम रिजर्वेशन अवधि के दौरान उनके मौजूदा मालिकों के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे।
इसके अलावा, मशहूर हस्तियों, सार्वजनिक व्यक्तियों, सरकारी संस्थाओं और अन्य महत्वपूर्ण खातों से जुड़े यूजरनेम हमेशा के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे, ताकि कोई उनकी नकली पहचान बनाकर धोखा न दे सके। कंपनियों, क्रिएटर्स और संगठनों को भी अपने मौजूदा मेटा अकाउंट से जुड़े यूजरनेम व्हाट्सऐप पर सुरक्षित करने का मौका मिलेगा।
दूसरे ऐप्स में पहले से मौजूद है यह सुविधा
यह नया फीचर व्हाट्सऐप को सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप्स के करीब ले आता है, जहां पहले से ही यूजरनेम के जरिए बातचीत की जा सकती है और फोन नंबर साझा करना जरूरी नहीं होता। हालांकि, व्हाट्सऐप का कहना है कि उसका यह फीचर सोशल नेटवर्किंग के लिए नहीं, बल्कि यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया गया है।
फिलहाल व्हाट्सऐप पर प्राइवेसी के लिए केवल कुछ सुविधाएं हैं, जैसे किसी यूजर को ब्लॉक करना, अनजान नंबरों की कॉल को साइलेंट करना और ग्रुप चैट में उन लोगों के लिए प्रोफाइल नाम दिखाना जिनके पास आपका नंबर सेव नहीं है। यूजरनेम फीचर आने के बाद लोगों को अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखते हुए दूसरों से जुड़ने का एक नया और ज्यादा सुरक्षित तरीका मिलेगा।
WhatsApp ने साफ किया है कि यूजरनेम को ढूंढने के लिए कोई डायरेक्टरी या सर्च लिस्ट नहीं होगी, जैसा इंस्टाग्राम पर होता है. यानी किसी से पहली बार बात करने के लिए उसका पूरा और सही यूजरनेम पता होना जरूरी है. इसके अलावा कंपनी एक ऑप्शनल यूजरनेम की भी दे रही है, जिसे की कहा जा रहा है. अगर आप चाहें तो यह तय कर सकते हैं कि सिर्फ वही लोग आपको मैसेज कर सकें, जिनके पास आपकी यह की हो. आप अपना यूजरनेम कभी भी बदल सकते हैं या यह फीचर बंद भी कर सकते हैं.
इन लोगों को आपकी पिन ज़रूरत नहीं होगी
इन लोगों को आपसे संपर्क करने के लिए यूज़रनेम की ज़रूरत नहीं होगी.
जिन लोगों के पास आपका फ़ोन नंबर पहले से सेव है.
जिन लोगों से आप पहले चैट कर चुके हैं.
जो आपके साथ किसी जॉइंट ग्रुप में हैं.
जिन्होंने आपका क्यूआर कोड स्कैन किया है.
जिन्हें आपने पहले मैसेज किया है
अगर आप यूज़रनेम की बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको अपने मोबाइल डिवाइस का इस्तेमाल करना होगा.
आप अपनी यूज़रनेम की के लिए ख़ुद कोई ख़ास कोड नहीं चुन सकते. यह कोड व्हाट्सऐप ख़ुद जनरेट करेगा.
अगर आप चाहें, तो ‘गेट अ डिफरेंट की’ विकल्प पर टैप करके नई की जनरेट कर सकते हैं.
यूज़रनेम की पूरी तरह वैकल्पिक है. आप कभी भी अपनी की जोड़ सकते हैं, बदल सकते हैं या हटा सकते हैं.
अगर आपने अपना व्हाट्सऐप अकाउंट किसी ऐसे मेटा अकाउंट से जोड़ा है, जिसमें आपकी उम्र 18 साल से कम दिखाई गई है, तो आपकी प्राइवेसी की सुरक्षा के लिए यूज़रनेम की डिफ़ॉल्ट रूप से चालू रहेगी.
हालांकि, आप इसे कभी भी बदल सकते हैं.
यूज़रनेम की बनाने से आपकी मौजूदा बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
जिन लोगों से आप पहले से चैट कर चुके हैं, वे बिना की के भी आपको मैसेज भेज सकते हैं.
Rising UttarPradesh राइजिंग उत्तर प्रदेश