UP: ‘माफिया मिट्टी में मिल गए, गुंडे पलायन कर गए और जिसने जनता को आंख दिखाने का प्रयास किया वह यमराज के घर…’, देवरिया में गरजे CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में 19 परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इस बीच जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा आज माफिया मिट्टी में मिल गए, गुंडे पलायन कर गए।
सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा विकास अब रुकेगा नहीं। डबल इंजन सरकार में इसकी गति और भी तेज होगी।अच्छी सड़कों अच्छी इंफ्रास्ट्रक्चर से रोजगार को विकास का मार्ग प्रशस्त है। इस बीच उन्होंने भीमपुर गौरा में देवरिया-कसया फोरलेन समेत 655.45 करोड़ रुपये लागत की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
जिन्हें हिंदी नहीं आती वह भी बोल पड़ता है ‘योगी जी जय श्री राम’
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने आगे कहा कि ‘आज महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, केरल और अरुणाचल देश के अलग-अलग राज्यों में लोग उन्हें देखकर खुद ‘योगी जी जय श्री राम’ कहकर अभिवादन करते हैं। जिन्हें हिंदी नहीं आती वह भी बोल पड़ता है ‘योगी जी जय श्री राम’।
आगे उन्होंने कहा ‘पहले दूसरे राज्यों में अपने राज्य का नाम बताते हुए झिझक होती थी, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है. अब यूपी का नाम सुनकर लोगों के चेहरे पर सम्मान दिखाई देता है। अब प्रदेश में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और गुंडे पलायन कर गए हैं।’
जनसभा में सीएम ने कहा ‘देवरिया कसया फोरलेन को देवरिया से आगे मऊ तक बढ़ाया जाएगा और उसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने के साथ ही वाराणसी को भी कनेक्ट किया जाएगा। सिलीगुड़ी तक जो एक्सप्रेसवे जा रहा है, उससे भी देवरिया की जनता कनेक्ट होगी।
विपक्ष पर जातिवाद और तुष्टिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जाति और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में योजनाओं का लाभ चेहरा देखकर दिया जाता था. विकास सिर्फ कुछ परिवारों तक सीमित था. योगी ने कहा कि पहले सरकारें अपना परिवार भरने में लगी थीं. गरीब, किसान, नौजवान और महिलाएं योजनाओं से दूररह जाते थे. लेकिन अब सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि आज अपराधियों में का डर दिखाई देता है. सीएम योगी ने दावा किया कि प्रदेश में निवेश बढ़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण बेहतर कानून व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा का माहौल बनता है, तभी विकास भी तेजी से आगे बढ़ता है.
Rising UttarPradesh