यूपी चुनाव 2027: अखिलेश यादव ने जारी किया ‘पीडीए का प्रणपत्र’, 25 लाख सरकारी नौकरियों और ग्रेजुएट्स बेरोजगार को ₹5,000 महीना समेत किए कई बड़े ऐलान

उत्तर प्रदेश में 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों की बिसात बिछ चुकी है और इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपना चुनावी विजन पेश किया है। पार्टी द्वारा 26 नवंबर 2026 को जारी किए गए इस दस्तावेज को ‘पीडीए का प्रणपत्र’ (जन मन का मैनिफेस्टो 2027) नाम दिया गया है। इस घोषणापत्र के माध्यम से पार्टी ने सामाजिक न्याय, रोजगार सृजन, कृषि सुधार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की रूपरेखा सामने रखी है।

बेरोजगारी और युवा कल्याण पर खास फोकस सपा के इस घोषणापत्र में युवाओं के लिए बड़े स्तर पर अवसर पैदा करने की बात कही गई है। पार्टी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करना और निजी व अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर तैयार करना है।

अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि
* बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार सभी को नौकरी देंगे।
* 5 साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे।
* 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार अन्य क्षेत्र में देंगे।
* जातीय जनगणना कराएंगे।
* समाजवादी कैंटीन खोलेंगे 5 रुपये की थाली देंगे।
* 40 हज़ार रुपये सालाना पेंशन बुजुर्ग महिलाओं को देंगे।

  • आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण: नौकरी मिलने तक बेरोजगार स्नातक युवाओं को हर महीने ₹5,000 का भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा, तहसील स्तर पर कौशल विकास केंद्र स्थापित कर सालाना 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
  • भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता: पेपर लीक की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी। एक वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू होगा, जिसके तहत एक चरण वाली परीक्षाओं का परिणाम तीन महीने में और बहु-स्तरीय परीक्षाओं की प्रक्रिया छह महीने के भीतर पूरी की जाएगी।
  • अग्निवीर और एमएसएमई: पार्टी ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए यह आश्वासन दिया है कि सेना से लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में समायोजित किया जाएगा। वहीं, छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) के जरिए वर्ष 2032 तक एक करोड़ से अधिक नौकरियां सृजित करने की योजना है।

अन्नदाताओं की आय और ग्रामीण बिजली व्यवस्था कृषि क्षेत्र को संकट से उबारने के लिए घोषणापत्र में सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का उल्लेख है। आलू, प्याज और टमाटर जैसी जल्द खराब होने वाली फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति प्रणाली बनाई जाएगी और किसानों की कर्ज माफी को चरणबद्ध ढंग से लागू किया जाएगा। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को 24 घंटे के भीतर निपटाने के लिए ₹15,000 करोड़ का विशेष फंड बनाया जाएगा। ऊर्जा के क्षेत्र में, सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली देने के साथ-साथ ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करने का वादा किया गया है।

सामाजिक न्याय, श्रमिक और कर्मचारी हित समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में संविधान और आरक्षण की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। पार्टी के अनुसार, सत्ता में आने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद का गठन होगा।

  • आरक्षण और पेंशन: ₹50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए वर्ग के लिए 50 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। बुजुर्ग महिला कारीगरों और निर्माण श्रमिकों को ₹40,000 वार्षिक पेंशन दी जाएगी।
  • गरीबों और कर्मचारियों के लिए राहत: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए ‘समाजवादी कैंटीन’ शुरू होगी, जहां ₹5 में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल की जाएगी और आउटसोर्सिंग प्रथा को समाप्त किया जाएगा। श्रमिकों की सहायता के लिए ‘डायल 1890 मजदूर पावर लाइन’ शुरू होगी और निर्माण श्रमिकों को ₹10 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए नई ‘राज्य शिक्षा नीति’ लाई जाएगी और राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) का 6 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बंद हुए 26,000 प्राथमिक स्कूलों को फिर से शुरू करने, 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने, स्कूलों में वाई-फाई लगाने और शिक्षा मित्रों का मानदेय ₹5,000 प्रति माह बढ़ाने की बात कही गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘राज्य स्वास्थ्य नीति 2027’ लागू करने की योजना है। इसके अंतर्गत सरकारी अस्पतालों में गरीब और पीडीए वर्ग का मुफ्त इलाज होगा, जबकि गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के परिवारों को ₹10 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे और लखनऊ के कैंसर अस्पताल को पूरी तरह संचालित कर वहां निशुल्क इलाज की सुविधा दी जाएगी।

कानून व्यवस्था, महंगाई नियंत्रण और व्यापार प्रशासनिक सुधारों के तहत माफिया और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, अवैध जमीन कब्जों को रोकने के लिए विशेष एसटीएफ और हर जिले में साइबर यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव है। एक वर्ष के भीतर कस्बों और गांवों के मुख्य सार्वजनिक स्थलों को सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी से जोड़ा जाएगा। पुलिस विभाग के रिक्त पदों को शीघ्र भरने और नई भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए ‘व्यापार सुरक्षा आयोग’ बनेगा, महंगाई पर नियंत्रण के लिए ‘दाम बांधो नीति’ के तहत जरूरी वस्तुओं, स्कूल फीस और अस्पताल के खर्चों की सीमा तय की जाएगी। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जल्द ही एक अलग और विस्तृत घोषणापत्र जारी किया जाएगा।

Check Also

खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का महान विचार है: मंत्री राकेश सचान

खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री ने गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में 10 दिवसीय …