लखनऊ छावनी में 101 करोड़ की 12 परियोजनाएं नहीं, 12 संकल्प हैं: राजनाथ सिंह

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में हुए विकास कार्यों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सबसे बड़ा सहयोग रहा है। उन्होंने जो कहा, उसे पूरा किया और लखनऊ के विकास से जुड़े हर कार्य में दिल खोलकर सहयोग किया। समय-समय पर परियोजनाओं की समीक्षा भी की। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ छावनी में करीब 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह में रक्षा मंत्री ने ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होने पर विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल बड़ी परियोजनाएं और आधुनिक इमारतें नहीं हैं। इसका मतलब बच्चों को अच्छी शिक्षा, हर परिवार तक स्वच्छ पानी, युवाओं को खेल और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर तथा दिव्यांग बच्चों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने बताया कि लखनऊ समेत छावनी क्षेत्रों में निर्माण संबंधी नियमों में बदलाव किया गया है। पहले तीन मंजिल तक निर्माण की अनुमति थी, अब पांच मंजिल तक निर्माण का रास्ता खुल गया है। विरासत को सुरक्षित रखते हुए लखनऊ छावनी को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा।
रक्षा मंत्री ने ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े महापुरुषों के नाम पर किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 101 करोड़ की 12 परियोजनाएं केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि स्वच्छ छावनी, बेहतर जलापूर्ति, नागरिक सुविधाओं, खेल और आधुनिक तकनीक के साथ भविष्य की मजबूत नींव रखने वाले 12 संकल्प हैं।

Check Also

मछली खाने वाले बयान पर कोर्ट पहुंचे अजय राय, सीएम योगी के खिलाफ दाखिल किया मानहानि का परिवाद

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *