यूपी बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया और उनका हौसला बढ़ाया।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया और उनका हौसला बढ़ाया। साथ ही सीएम ने भरोसा व्यक्त किया कि वर्ष भर किए गए उनके कठिन परिश्रम का सकारात्मक परिणाम सभी विद्यार्थियों को अवश्य मिलेगा।
सीएम योगी ने ‘एक्स’ पर इस पोस्ट में लिखा:
“मेरे प्रिय विद्यार्थियों, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं कल से शुरू हो रही हैं। आप सभी को मेरा शुभाशीष। ये परीक्षाएं केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन नहीं हैं, बल्कि यह आपके धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वर्ष भर किए गए आपके कठिन परिश्रम का सकारात्मक परिणाम आप सभी को अवश्य मिलेगा। माँ सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे।”
इतने परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से 27,61,696 हाईस्कूल और 25,76,082 इंटरमीडिएट के विद्यार्थी हैं। पूरे प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 222 केंद्र अति संवेदनशील और 668 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने चेताया
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित प्रश्नपत्रों को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षार्थियों को गुमराह करने और बोर्ड परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने के उद्देश्य से कूटरचित प्रश्नपत्र प्रसारित कर रहे हैं। परिषद ने स्पष्ट किया है कि वायरल किए जा रहे प्रश्नपत्रों का वास्तविक परीक्षा से कोई संबंध नहीं है। साथ ही, परीक्षा की सुचिता भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इस संबंध में साइबर सेल को एफआईआर दर्ज कर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद में 333 केंद्रों पर कुल 1,95,836 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत हैं। हाईस्कूल (कक्षा 10) में 94,393 संस्थागत और 158 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जबकि इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में 96,744 संस्थागत और 4,541 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं।
ये हैं टोल फ्री नंबर
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने मंगलवार को लखनऊ स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय में बने राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। परीक्षार्थी और अभिभावक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608, साथ ही माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के टोल-फ्री नंबर 18001805310 और 18001805312 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, ईमेल upmspexam2026@gmail.com, एक्स हैंडल @upmspexam2026, और व्हाट्सएप नंबर 9235822913 से भी सहायता ली जा सकती है।
risinguttarpradesh