रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजार गुलजार, राखी के साथ मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर उमड़े खरीदार

रायबरेली। रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए बृहस्पतिवार को बाजार गुलजार रहे। राखी की खरीद के साथ मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षाबंधन मनाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे के बाद बाजार में भीड़ बढ़ने लगी। महिलाएं सुपर मार्केट, घंटाघर, कैसरगंज, जवाहर विहार, गोराबाजार, प्रगतिपुरम, रतापुर में राखी की दुकानों पर राखी खरीदने में लगी रहीं। महंगी रुद्राक्ष, स्टोन की राखी अधिक पसंद की गई। बच्चों ने टैडी बियर वाली राखी पसंद की। दुकानदार उमेश ने बताया दिनभर ग्राहक आते रहे। बृहस्पतिवार तक करीब 80 फीसदी राखियां बिक गई हैं।


चीनी के दाम बढ़ने से मिठाई हुई महंगी : मिठाई की दुकानों पर भी बृहस्पतिवार को खूब भीड़भाड़ रही। एक से बढ़कर एक मिठाई के पैक बिकते रहे। चीनी के दाम बढ़ने से मिठाई के दामों में उछाल रहा। खोवा की मिठाई सबसे महंगी रही। बाजार में 600 रुपये किलो से 1500 रुपये किलो तक बर्फी बिकी। छेना और ड्राईफ्रूट की मिठाई भी महंगे दामों में बिकी। मिठाई दुकानदार पवन ने बताया कि पिछले साल की तुलना में 50 फीसदी दाम मिठाई के बढ़े हैं। चीनी महंगी होने के साथ खोवा भी महंगा है। गिफ्ट की दुकानों पर भी भीड़ रही। लोगों ने उपहार देने के लिए कई तरह के गिफ्ट आइटम खरीदे।
छात्राओं ने बांधी स्नेह की डोर, शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में रक्षाबंधन उत्सव मनाया गया। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर प्रेम और स्नेह के प्रतीक राखी बांधी। उन्होंने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना की। छात्रों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। राखी बांधने के बाद छात्राओं ने भाइयों को मिठाई खिलाई। प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने पर्व के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव ने इसे भाई-बहन के अटूट प्रेम और जिम्मेदारी का पर्व बताया। कार्यक्रम में रवि नाथ हरि, सावन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

-रवि शंकर सिंह, संवादाता, रायबरेली

Check Also

मछली खाने वाले बयान पर कोर्ट पहुंचे अजय राय, सीएम योगी के खिलाफ दाखिल किया मानहानि का परिवाद

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *