नोएडा-बुलंदशहर में बारिश, तेज हवाएं चल रहीं:यूपी के 18 जिलों में आंधी-बरसात की संभावना, ओले भी गिर सकते हैं

पश्चिमी यूपी में मौसम अचानक बदल गया है। नोएडा और बुलंदशहर में तेज बारिश हुई है, जबकि मेरठ में बादल छाए हैं। संभल, गाजियाबाद और अमरोहा में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज यानी 18 और 19 फरवरी को बारिश और ओलों का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पश्चिमी यूपी के 13 जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है। बुंदेलखंड के 5 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली कड़कने और ओले गिरने की संभावना भी है।

मंगलवार की बात करें तो 31.6 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा। 31.2 डिग्री के साथ हमीरपुर दूसरे स्थान पर और 31 डिग्री के साथ प्रयागराज तीसरे स्थान पर रहे। सबसे कम तापमान 15.4 डिग्री इटावा में रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

“अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।”

नोएडा में मंगलवार रात से बादल छाए थे। बुधवार दोपहर हल्की बारिश हुई।

बुलंदशहर में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुमान यहां कल भी एक ऐसा ही मौसम रहेगा।

बुधवार सुबह गोरखपुर में मौसम साफ रहा। आज शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया।

अगर तेज हवा के साथ बारिश हुई तो गेहूं और सरसों की फसल गिर सकती है। इससे दाने कमजोर हो जाएंगे और पैदावार पर असर पड़ेगा। इसलिए मौसम विभाग ने किसानों को अलर्ट रहने को कहा है और खुले स्थानों पर कटी हुई फसलों को रखने से मना किया है। बारिश होने पर फसलों को नुकसान हो सकता है।

तस्वीर राजस्थान की है। वहां ओले के साथ बारिश हुई है।

18 फरवरी को पश्चिमी यूपी के 19 जिलों में काले बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, बागपत, हापुड़, मैनपुरी, इटावा, कांसगज, एटा, औरया, जालौन, झांसी और ललितपुर में बादल छाए रहेंगे।

यूपी से सटे जयपुर में बारिश और ओले गिरे, जबकि उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट जारी है। कानपुर, मेरठ समेत कई शहरों में सुबह हल्के बादल छाए रहे। वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के कारण राजस्थान का मौसम बदल गया है। जयपुर, अलवर, टोंक सहित कई जिलों में बुधवार सुबह बरसात हुई और जयपुर शहर के आसपास के इलाकों में ओले भी गिरे। तापमान में गिरावट के साथ हवा में ठंडक बढ़ गई है।

उत्तराखंड में भी आज 18 फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान में हो रही बारिश का असर शाम या दोपहर तक यूपी के कुछ इलाकों में भी दिखाई दे सकता है।

Check Also

यूपी बोर्ड परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई, हर कमरे में CCTV, पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात रहे।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *