10 मीट्रिक टन बिस्कुट की पहली निर्यात खेप मेडागास्कर पहुंची, प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) द्वारा भारतीय कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश के स्थानीय स्तर पर निर्मित खाद्य उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन तथा निर्यातोन्मुखी इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं नीतिगत पहलों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद वाराणसी में निर्मित बिस्कुट की 10 मीट्रिक टन की पहली निर्यात खेप मेडागास्कर पहुंची है। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात विस्तार की दिशा में एक नया अध्याय है।
इस निर्यात के माध्यम से उत्तर प्रदेश में निर्मित बिस्कुट को पहली बार मेडागास्कर के अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिली है। इससे प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता एवं निर्यात संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी।
अध्यक्ष राजस्व परिषद व अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उत्तर प्रदेश शासन श्रु बी एल मीणा ने बताया कि
यह पहल प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों के लिए नए निर्यात अवसर सृजित करने के साथ-साथ स्थानीय उद्योगों में निवेश, रोजगार सृजन तथा मूल्य संवर्धन को भी प्रोत्साहित करेगी। विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने हेतु प्रेरणादायक है।
वाराणसी से मेडागास्कर तक बिस्कुट की यह पहली निर्यात खेप उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की वैश्विक विस्तार क्षमता को प्रदर्शित करती है तथा प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद व्यापार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Rising UttarPradesh राइजिंग उत्तर प्रदेश